प्रतापगढ़, 24 नवंबर 2026। कार्तिक पूर्णिमा पर प्रतापगढ़ सर्वोदय सद्भावना संस्थान की ओर से गोपाल मंदिर परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ राजराजेश्वर स्वरूप में पूजे गए। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के जयकारे लगाए। भगवान शालिग्राम का गंगाजल से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र जी एवं सुभद्रा जी का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडेय ने भगवान को तुलसी दल समर्पित कर कार्तिक मास की महिमा और भगवान जगन्नाथ की धार्मिक परंपराओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ जनपद में भगवान श्री जगन्नाथ के पूजन का यह 13वां आयोजन है। भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथयात्रा पुरी में आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को निकाली जाती है, जबकि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान राजराजेश्वर स्वरूप में पूजित होते हैं।
धर्माचार्य ने कहा कि कार्तिक मास में तुलसी दल से भगवान की सेवा का विशेष पुण्य प्राप्त होता है। इस महीने तुलसी माता को दीपदान करने का महत्व एक हजार गौदान के पुण्य के समान बताया गया है। उन्होंने कार्तिक मास को भगवान विष्णु की उपासना के लिए अत्यंत श्रेष्ठ और दुर्लभ बताते हुए कहा कि यह मास धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास आरोग्य, सद्बुद्धि, समृद्धि और दुखों से मुक्ति प्रदान करने वाला है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ दीन-दुखियों के दीनानाथ हैं। पुरी में कार्तिक पूणिर्मा पर राजराजेश्वर स्वरूप में उनकी पूजा-अचर्ना की जाती है। उनके साथ बड़े भाई शेषावतार बलभद्र जी और छोटी बहन सुभद्रा जी विराजमान रहती हैं।
कार्यक्रम में परम पूज्य देवरहवा बाबा के शिष्य जंगल बाबा, महंत शिव पावर्ती मंदिर मऊआइमा प्रयागराज, स्वामी शिवनारायण दास तुलसीपुर बलरामपुर, पं. सुरेंद्र शर्मा एडवोकेट, पं. दिनेश शर्मा (प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री), नारायणी रामानुज दासी, एकीकृत ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष विवेकानंद, भाजपा महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती पिंकी दयाल गुप्ता, दीपक श्रीवास्तव, किसान यूनियन की नेता केतकी सिंह, रेनू सिंह, प्रधानाचार्य प्रतिभा सिंह, रोमा श्रीवास्तव, रंजना विश्वकर्मा और आशीष पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान जगन्नाथ के जयघोष के साथ यात्रा को सफल बनाया।

