देश

रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On फ़रवरी 19, 2025
1 min read • 1.2k views
रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

नई दिल्ली, 19 फरवरी 2025। भाजपा ने करोड़ों लोगों के इंतजार को खत्म कर दिया है। भाजपा ने शालीमार बाग से जीत दर्ज की रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना है। कई दिनों से इसकी चर्चा चल रही थी कि रेखा गुप्ता को ही नया सीएम बनाया जा सकता है, अब इस खबर पर आधिकारिक तौर पर मुहर लग चुकी है। गौरतलब है कि आज आरएसएस ने भी बीजेपी को दिल्ली के नए सीएम के लिए रेखा गुप्ता का नाम सुझाया था।

बीजेपी के दोनों पयर्वेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ ने रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दिया है। पयर्वेक्षकों ने बीजेपी के सभी विधायकों से एक-एक करके बात की इसके बाद यह फैसला लिया है। दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। कार्यक्रम के संबंध में सभी तैयारियां संपन्न हो चुकी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी दिल्ली पुलिस सहित अधर्सैनिक बलों के जवान कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे। जांच पड़ताल के बाद ही कार्यक्रम में लोगों को अंदर जाने की इजाजत दी जाएगी।

प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम और विजेन्द्र गुप्ता होंगे स्पीकर

इसके अलावा भाजपा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा को दिल्ली का नया डिप्टी सीएम चुना है। इसके अलावा भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा स्पीकर पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

कौन है दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरू हुआ था, जहां वे दिल्ली यूनिवर्सिटी की सचिव भी रह चुकी हैं। उनका प्रभाव शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में देखा जाता है। वहीं, रेखा गुप्ता का परिवार हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में व्यापार करता है। उनके पिता स्टेट बैंक आफ इंडिया में कार्यरत थे, जिसके बाद उनका परिवार दिल्ली में आकर बस गया।

शपथ ग्रहण समारोह का मिनट टू मिनट शेड्यूल

दिल्ली में 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर निमंत्रण की पहली कॉपी सामने आई है। इस निमंत्रण पत्र में मुख्य सचिव की तरफ से सभी लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

निमंत्रण पत्र के मुताबिक, यह शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे होगा। 11-12 बजे के बीच शपथ समारोह के गेस्ट आएंगे और अपनी सीट लेंगे। 12:10 बजे मनोनीत मुख्यमंत्री और मनोनीत मंत्री आएंगे। 12:15 बजे एलजी शपथ समारोह में पहुंचेंगे। 12:20 बजे केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य नेता पहुंचेंगे। 12:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी आएंगे। वहीं, 12:30 बजे बैंड की धुन पर राष्ट्रगान होगा। 12.35 बजे एलजी मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएंगे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।