यूपी

आगरा पुलिस के ‘आपरेशन जागृति’ को मिला राष्ट्रीय सम्मान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मार्च 5, 2025
1 min read • 1.2k views
आगरा पुलिस के ‘आपरेशन जागृति’ को मिला राष्ट्रीय सम्मान

आगरा, 5 मार्च 2025। ताज की नगरी आगरा एक बार फिर सुर्खियों में है, मगर इस बार वजह ऐतिहासिक इमारतें नहीं, बल्कि सुरक्षा और जागरूकता की एक नई मिसाल है। यूपी के आगरा जोन में एडीजी श्रीमती अनुपमा कुलश्रेष्ठ द्वारा संचालित ‘आपरेशन जागृति’ अभियान को 2025 का फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड मिला है।

दिल्ली में आयोजित गरिमामय समारोह में, जब पूर्व केंद्रीय गृह सचिव वीके पिल्लई के हाथों एडीजी श्रीमती अनुपमा कुलश्रेष्ठ को यह सम्मान प्रदान किया गया, तो यह न केवल आगरा पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बन गया।

इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए देश के 23 राज्यों से 129 प्रविष्टियां आई थीं। लेकिन आगरा जोन में चल रहे ‘आपरेशन जागृति’ अभियान की सफलता, दूरगामी प्रभाव और प्रभावशाली क्रियान्वयन ने इसे अन्य अभियानों से अलग और उत्कृष्ट बना दिया।

‘आपरेशन जागृति’ महज़ एक अभियान नहीं, बल्कि सुरक्षा और जन-जागरूकता की एक लहर है, जिसमें महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। यह अभियान न केवल अपराध नियंत्रण पर केंद्रित था, बल्कि समाज में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित हुआ।

इस पुरस्कार के मिलने से आगरा पुलिस की ज़िम्मेदारी और बढ़ गई है। एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने अपने संबोधन में कहा, यह सम्मान न केवल हमारी टीम की मेहनत का प्रतिफल है, बल्कि यह दर्शाता है कि सही दिशा में किए गए प्रयास हमेशा रंग लाते हैं। यह हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है कि हम कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को नई उंचाइयों तक ले जाएं।

इस उपलब्धि ने आगरा को एक नई पहचान दी है। जिस शहर को ताजमहल की खूबसूरती के लिए जाना जाता था, अब उसे सुरक्षा और स्मार्ट पुलिसिंग के लिए भी पहचाना जाएगा। ‘ऑपरेशन जागृति’ की यह सफलता देशभर की पुलिसिंग रणनीतियों के लिए एक आदर्श बन गई है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।