यूपी

फिल्म फुले को टैक्स-मुक्त करने विधायक वर्मा ने लिखा सीएम योगी को पत्र

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 6, 2025
1 min read • 1.2k views
फिल्म फुले को टैक्स-मुक्त करने विधायक वर्मा ने लिखा सीएम योगी को पत्र


रानीगंज (प्रतापगढ़), 6 मई 2025। रानीगंज के सपा विधायक और विधानसभा के उप मुख्य सचेतक डॉ. आरके वर्मा ने सामाजिक न्याय और नारी शिक्षा पर आधारित फिल्म फुले को उत्तर प्रदेश में टैक्स-मुक्त करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस ऐतिहासिक फिल्म को आम जनता तक पहुंचाने और इसके विरोधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की अपील की है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा राव फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक कुरीतियों, कुप्रथाओं और नारी शिक्षा के लिए अभूतपूर्व योगदान दिया। फिल्म फुले उनके संघर्षों और सामाजिक समानता के लिए किए गए कार्यों को दर्शाती है, जो नई पीढ़ी को सामाजिक न्याय, समरसता और समानता की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि लोग इन महान व्यक्तित्वों के योगदान को समझ सकें।

उन्होंने चिंता जताई कि कुछ असामाजिक तत्व फिल्म के प्रसारण का विरोध कर रहे हैं, जो अनुचित है। डॉ. वर्मा ने इस विरोध को रोकने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सामाजिक और ऐतिहासिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में फिल्म को टैक्स-मुक्त करने की मांग उठ रही है। यह कदम फिल्म के संदेश को अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहायक होगा।

डॉ. वर्मा ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि लोकहित में फुले को टैक्स-मुक्त किया जाए और इसके प्रसार में बाधा डालने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह कदम न केवल सामाजिक जागरूकता को बढ़ाएगा, बल्कि फुले दंपत्ति के योगदान को सम्मानित करने में भी महत्वपूर्ण होगा।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।