बेंगलुरू, 21 जून 2025। Amazon भारत में 2000 करोड़ से अधिक का निवेश करेगी। इस निवेश से वह ऑनलाइन मार्केटप्लेस नेटवर्क को और मजबूत करेगी। यह अब तक का कंपनी का भारत में सबसे बड़ा परिचालन निवेश माना जा रहा है। इस निवेश के माध्यम से अमेज़ॉन देशभर में अपने फुलफिलमेंट नेटवर्क को आधुनिक बनाएगी। कंपनी ने एसोसिएट्स की सुरक्षा बढ़ाने, टेक्नोलॉजी अपग्रेड करने और नए कल्याण कार्यक्रम शुरू करने की योजना बनाई है।
अमेज़ॉन इंडिया एवं ऑस्ट्रेलिया के परिचालन उपाध्यक्ष अभिनव सिंह ने बताया कि कंपनी भारत में एक दशक से अधिक समय से लॉजिस्टिक्स इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के प्रयासों में जुटी है। उन्होंने कहा, यह निवेश अमेज़ॉन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत हम अपने ऑपरेशंस नेटवर्क को विस्तार देने, उसे आधुनिक बनाने और ग्राहकों को बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अमेज़ॉन इस निवेश से भारत के सभी पिन कोड क्षेत्रों में तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय डिलीवरी सुनिश्चित करने की दिशा में एक और मजबूत कदम उठा रही है। कंपनी नई साइट्स शुरू करने के साथ-साथ मौजूदा फुलफिलमेंट, सॉर्टेशन और डिलीवरी नेटवर्क को अपग्रेड करने की योजना बना रही है।
इस निवेश से प्रोसेसिंग क्षमता में वृद्धि होगी और ऑपरेशंस की एफिशिएंसी बेहतर होगी, जिससे ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद सेवाएं प्राप्त होंगी। कंपनी का ध्यान विशेष रूप से टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नवाचार पर भी है, ताकि ऊर्जा की खपत को कम किया जा सके और इन्फ्रास्ट्रक्चर अधिक पर्यावरणीय रूप से अनुकूल बनाया जा सके।
कंपनी ने बताया कि उसके फुलफिलमेंट सेंटर्स को विकलांगजनों के लिए अधिक सुरक्षित और सुलभ बनाया गया है। इसके अलावा, कूलिंग सिस्टम, सुरक्षा उपायों और रेस्टिंग क्षेत्रों में भी सुधार किए जा रहे हैं ताकि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
यह रणनीतिक निवेश अमेज़ॉन की भारत में लॉन्ग-टर्म ग्रोथ की रणनीति का हिस्सा है, जिससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्थाएं सशक्त होंगी बल्कि विक्रेताओं और ग्राहकों को भी अधिक लाभ मिलेगा। अमेज़ॉन का यह कदम डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी सरकारी पहलों को भी अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देता है।
















