लखनऊ, 20 अगस्त 2025। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस), इंदिरा नगर कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव ‘कॉन्फ्लुएन्स-2025’ सीएमएस कानपुर रोड आडिटोरियम में विश्व एकता, शांति और सौहार्द के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में सेंट मार्क्स सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली की छात्र टीम ने ओवरआल चैम्पियनशिप जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परचम लहराया।
दिवसीय कॉन्फ्लुएन्स-2025 में नेपाल, श्रीलंका और भारत के विभिन्न राज्यों से आए 500 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। इन छात्रों ने कैनवस मेकिंग, क्विज, भाषण, ड्रामा, समूह गायन, कोरियोग्राफी, क्रिएटिव एडवरटाइजमेंट चैलेंज, पेपर प्रजेंटेशन, न्यूज बाइट मेकिंग और शैडो कोरियोग्राफी जैसी रोचक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से न केवल छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि विश्व एकता और शांति का संदेश भी विश्व समाज तक पहुंचाया।
समापन समारोह में सीएमएस के छात्रों ने रंगारंग शिक्षात्मक-सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर देश-विदेश से आए प्रतिभागियों और गणमान्य अतिथियों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों में सांस्कृतिक विविधता और एकता का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने दशर्कों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर विभिन्न देशों से आए छात्रों और उनके टीम लीडरों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सीएमएस न केवल शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि इसने ‘जय जगत’ के नारे के साथ विभिन्न देशों के बच्चों को विश्व एकता के रंग में रंग दिया। छात्रों ने इस मंच को न केवल अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर बताया, बल्कि इसे वैश्विक सौहार्द और सहयोग का प्रतीक भी माना।
सीएमएस इंदिरा नगर कैम्पस की प्रधानाचार्या और कॉन्फ्लुएन्स-2025 की संयोजिका सुश्री कनिका कपूर ने सभी प्रतिभागी छात्रों, टीम लीडरों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव ने छात्रों को अपनी बहुमुखी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया और साथ ही मानवीय मूल्यों, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और वैश्विक एकता की भावना को बढ़ावा दिया। सुश्री कपूर ने विश्वास जताया कि इस आयोजन से प्रतिभागियों में जो एकता और शांति की भावना जागृत हुई है, वह भविष्य में समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करेगी।
सीएमएस के हेड, कम्युनिकेशन्स, श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि समापन समारोह से पूर्व प्रात:कालीन सत्र में ‘ट्रिविया टाइटन्स’ (क्विज) प्रतियोगिता का फाइनल राउंड आयोजित हुआ, जिसमें 10 छात्र टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने बिजली की गति से सवालों के जवाब देकर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। इसके अतिरिक्त, ‘एपिसल आफ मोमेंट’ (न्यूज बाइट मेकिंग) और ‘क्वेस्ट फॉर बेनेवोलेन्स’ (सर्विस प्रोजेक्ट) जैसी प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया। श्री खन्ना ने बताया कि इस महोत्सव ने न केवल प्रतिभागियों को एक मंच प्रदान किया, बल्कि विश्व एकता और शांति की लौ को प्रज्वलित कर भावी पीढ़ी को प्रेरित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कॉन्फ्लुएन्स-2025 का प्रभाव लंबे समय तक समाज को आलोकित करता रहेगा।
यह अंतरराष्ट्रीय महोत्सव न केवल एक शैक्षिक आयोजन था, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों और देशों के बीच आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा देने का एक अनूठा मंच भी साबित हुआ। कॉन्फ्लुएन्स-2025 ने यह सिद्ध किया कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों का समावेश भावी पीढ़ी को एक बेहतर विश्व नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस आयोजन ने विश्व समाज में एकता और शांति की भावना को और सशक्त किया।
















