• Home
  • ऑटो
  • राजा भैया ने इस दीवाली खरीदी 2.69 करोड़ की लेक्सस कार
राजा भैया ने इस दीवाली खरीदी 2.69 करोड़ की लेक्सस कार

राजा भैया ने इस दीवाली खरीदी 2.69 करोड़ की लेक्सस कार

प्रतापगढ़, 19 अक्टूबर 2025। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने इस दीवाली 2.69 करोड़ की लेक्सस कार की खरीदी की। उन्होंने 16 अक्टूबर को 4-सीटर अल्ट्रा लग्जरी वेरिएंट वाली लेक्सस अल्ट्रा लक्जरी की खरीदी की। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.69 करोड़ रुपये है। लग्जरी वाहनों के शौकीन राजा भैया के गैरेज में पहले से ही कई हाई-एंड गाड़ियां मौजूद हैं और यह नई एंट्री उनके रॉयल कलेक्शन में एक और कीमती रत्न जोड़ती है।

दमदार फीचर और रॉयल कम्फर्ट का संगम

जापानी आटो कंपनी लेक्सस ने हाल ही में एलएम350 एच को अपग्रेड कर पेश किया है। राजा भैया ने इसका टॉप-एंड 4-सीटर अल्ट्रा लग्जरी वेरिएंट चुना है, जबकि इसका 7-सीटर वीआईपी वेरिएंट 2.15 करोड़ रुपये से शुरू होता है। नई एलएम350 एच में ई20-अनुरूप हाइब्रिड इंजन दिया गया है, जो पेट्रोल-इलेक्ट्रिक पावरट्रेन से 250 पीएस की ताकत उत्पन्न करता है।

इस कार में 14-इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, एपल कारप्ले और एंड्रॉयड आटो की सुविधा है। वहीं, पिछली सीटों पर बैठने वाले यात्रियों के लिए 48-इंच का विशाल डिस्प्ले, 23-स्पीकर मार्क लेविंसन आडियो सिस्टम, फोल्डेबल टेबल, वैनिटी मिरर और मिनी फ्रिज जैसी लग्जरी सुविधाएं दी गई हैं। इसके साथ पावर स्लाइडिंग डोर, आटो-डिमिंग ओआरवीएम और काले-सफेद कलर थीम वाली कस्टमाइज्ड सीटें इस कार को एक असली वीआईपी मूविंग सूट में बदल देती हैं।

पहले खरीदी थी यूपी की पहली डिफेंडर

राजा भैया के पास पहले से ही कई प्रीमियम वाहनों का विशाल संग्रह है। उन्होंने 2023 में करीब 3 करोड़ रुपये की रेंज रोवर आटोबायोग्राफी खरीदी थी। वहीं, 2020 में उन्होंने उत्तर प्रदेश की पहली रेंज रोवर डिफेंडर खरीदी थी, जिसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये थी। यह गाड़ी 2-लीटर टर्बोचार्ज्ड पी300 इंजन से लैस है और पेट्रोल-डीजल दोनों आॅप्शन में उपलब्ध है। इसकी आल-टेरेन क्षमता इसे हर तरह की सड़कों पर दौड़ने योग्य बनाती है।

20 से ज्यादा लग्जरी गाड़ियां और बाइक्स का कलेक्शन

राजा भैया के काफिले में 35 लाख से लेकर ढाई करोड़ तक की 20 से अधिक लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इनमें टोयोटा लैंड क्रूजर, मर्सिडीज-बेंज, दो टोयोटा फॉर्च्यूनर, जीप रैंगलर जैसी हाई-एंड गाड़ियां शामिल हैं। कारों के साथ-साथ वे रॉयल एनफील्ड बुलेट और जावा जैसी क्लासिक बाइक्स के भी शौकीन हैं।