देश

चमत्कार: 57 वर्षीया हथिनी अनारकली ने दिया जुड़वा बेटियों को जन्म

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 23, 2025
1 min read • 1.2k views
चमत्कार: 57 वर्षीया हथिनी अनारकली ने दिया जुड़वा बेटियों को जन्म

पन्ना, 23 नवंबर 2025। मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पन्ना टाइगर रिजर्व में शुक्रवार 21 नवंबर 2025 को वन्यजीव इतिहास में एक दुर्लभ और स्वर्णिम पृष्ठ जुड़ गया। रिजर्व की 57 वर्षीया वरिष्ठ मादा हाथी अनारकली ने जुड़वा मादा शावकों को जन्म दिया। यह मध्य प्रदेश में किसी हथिनी द्वारा जुड़वा प्रसव का पहला दर्ज मामला है।

पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक ने बताया कि अनारकली के दोनों शावकों के जन्म में करीब 3 घंटे 30 मिनट का अंतर रहा। दोनों नवजात मादा शावक स्वस्थ हैं। मां अनारकली भी पूरी तरह स्वस्थ है और दोनों बच्चों को दूध पिला रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, एशियाई हाथियों में जुड़वा प्रसव की संभावना मात्र 0.1% से 1% के बीच होती है। भारत में अब तक केवल असम के काजीरंगा नेशनल पार्क (1984, 2007) और केरल में कुछ ही मामले दर्ज हैं। मध्य प्रदेश में यह पहला प्रमाणित मामला है।

पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक ने बताया कि अनारकली पिछले कई वर्षों से रिजर्व के हिनौता रेंज में रह रही है। गर्भावस्था के दौरान वन विभाग की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही थी। प्रसव के तुरंत बाद वेटरनरी टीम ने मां और दोनों बच्चों की जांच की और सभी को स्वस्थ घोषित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुर्लभ घटना पर प्रसन्नता जताते हुए ट्वीट किया, पन्ना टाइगर रिजर्व में हथिनी अनारकली द्वारा जुड़वा शावकों का जन्म मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह हमारी वन्यजीव संरक्षण नीतियों की सफलता का प्रमाण है। रिजर्व प्रशासन ने दोनों शावकों के नामकरण के लिए आमजन से सुझाव मांगे हैं।

फिलहाल मां-बच्चों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। यह घटना पन्ना टाइगर रिजर्व की जैव विविधता और हाथी संरक्षण कार्यक्रम को नई ऊंचाई देने वाली है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।