देश

भाजपा ने नितिन नबीन को बनाया पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On दिसम्बर 14, 2025
1 min read • 1.2k views
भाजपा ने नितिन नबीन को बनाया पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

नई दिल्ली, 14 दिसंबर 2025। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा लिया गया यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। पार्टी मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में इसकी पुष्टि की गई है।

नितिन नबीन बिहार भाजपा के प्रमुख चेहरों में से एक हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने इस सीट से भारी मतों से जीत हासिल की। वर्तमान में वे बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

इसके अलावा, नितिन नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं, जहां उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक मजबूती में अहम योगदान दिया है। दिग्गज भाजपा नेता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र नितिन नबीन की राजनीतिक यात्रा काफी प्रभावशाली रही है। युवा मोर्चा से शुरुआत करने वाले नबीन ने पार्टी में विभिन्न पदों पर काम किया और अपनी संगठनात्मक क्षमता से नेतृत्व का ध्यान आकर्षित किया।

बांकीपुर सीट, जो पटना की शहरी और प्रबुद्ध वर्ग की प्रमुख सीट मानी जाती है, पर उनकी लगातार जीत भाजपा के मजबूत आधार को दर्शाती है। यह नियुक्ति भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व ने नितिन नबीन की जमीनी पकड़, प्रशासनिक अनुभव और युवा ऊर्जा को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

इससे बिहार सहित पूरे देश में पार्टी की संगठनात्मक संरचना को और मजबूत करने की उम्मीद है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम आगामी चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखकर उठाया गया है।भाजपा के इस फैसले से बिहार की राजनीति में भी हलचल मच गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को नई दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।