प्रतापगढ़, 24 दिसंबर 2025। साक्षी पुष्पाकर ने प्रतापगढ़ जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रौशन किया है। माध्यमिक विद्यालयों की राष्ट्रीय स्तर की क्रीड़ा प्रतियोगिता में वुशु खेल में साक्षी राष्ट्रीय स्तर पर चैंपियन रही। अब वह सिंगापुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी।
प्रतापगढ़ के जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि रांची में ट्रायल हो चुका है। प्रतापगढ़ की साक्षी पुष्पाकर सिंगापुर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ के मो. अल्ताफ ने राष्ट्रीय स्तर पर पोल वाल्ट में दूसरा और अजीत कुमार ने सातवां स्थान प्राप्त किया। प्रिया यादव और रिया गौड़ का चयन माध्यमिक स्कूल की हॉकी की राष्ट्रीय स्तर की टीम में हुआ है। हाकी की प्रतियोगिता जनवरी 2026 में होना प्रस्तावित है।
इसके अलावा मो. जैद का चयन कबडडी और कीर्ति यादव का चयन वालीबाल टीम में हुआ है। यह दोनों प्रतियोगिताएं भी जनवरी 2026 में होना प्रस्तावित हैं। राज्य स्तर पर भी जिले के कई बच्चों ने सफलता हासिल की है। इनमें अंशिका यादव जुडो में तीसरे स्थान पर रही। विपिन सरोज और रितिक कुमार ने कुराश में तीसरा स्थान हासिल किया। आस्था यादव और राखी जायसवाल का चयन कबडडी की राज्यस्तरीय टीम में हुआ है।















