देश

इंटक अध्यक्ष रेड्डी के जन्मदिन पर केंद्र की नीतियों की समीक्षा

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On फ़रवरी 18, 2025
1 min read • 1.2k views
इंटक अध्यक्ष रेड्डी के जन्मदिन पर केंद्र की नीतियों की समीक्षा

मुंबई, 18 फरवरी 2025। देश में मजदूरों के अत्यंत प्रभावशाली संगठन माने जाने वाले इंडियन ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी.संजीवा रेड्डी का जन्मदिन मंगलवार को देश भर में मनाया। महाराष्ट्र समेत देश के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्र सरकार की श्रम संबंधी रीति-नीति की भी संगठन पदाधिकारियों द्वारा समीक्षा की गई।

इंटक के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भाऊ कदम के निर्देश पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी. संजीवा रेड्डी के जन्मदिन पर मुंबई यूनिट के अध्यक्ष अमित भटनागर के संयोजन में कालाघोड़ा कार्यालय पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर श्रमिक नेता, संगठन कार्यकर्ता व विभिन्न इकाइयों के लोग शामिल हुए।

18 फरवरी, 1930 को जन्मे जी. संजीवा रेड्डी निजाम सरकार के खिलाफ स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। 1948 में वे एक युवा कार्यकर्ता के रूप में ट्रेड यूनियन आंदोलन में शामिल हुए थे। 1950 में वे आंध्र प्रदेश शाखा के महासचिव चुने गए।

1954 में उन्हें इसके अध्यक्ष के रूप में पदोन्नत किया गया, जिस पद पर वे आज तक बने हुए हैं। इसके अलावा, डॉ. रेड्डी बिजली, कोयला, स्वास्थ्य, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, रसायन, नगरपालिका, सीमेंट, इस्पात, सिगरेट और तंबाकू आदि क्षेत्रों के श्रमिक संगठनों के विभिन्न पदों पर रह चुके हैं और अभी भी कुछेक में अध्यक्ष के पद पर विराजमान हैं।

जी. संजीवा रेड्डी को विद्यापीठ, वाराणसी द्वारा डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया था। वे पहली बार 3 अगस्त, 1994 को इंटक राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रतिष्ठित पद के लिए चुने गए थे और तब से वे लगातार इस पद के लिए चुने जा रहे हैं। अगस्त 2006 से अगस्त 2012 तक वे राज्यसभा सदस्य भी रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।