बिजनेस

प्रतापगढ़ की अर्थव्यवस्था ने भरी उड़ान, जीडीपी में बड़ा इजाफा

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 6, 2026
1 min read • 1.2k views
Major Boost in Pratapgarh's GDP

प्रतापगढ़, 6 मई 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले की अर्थव्यवस्था ने तेजी से उड़ान भरी है। यहां की जीडीपी में बड़ा इजाफा हुआ है। इसकी पुष्टि जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी ने की है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डालर के स्तर पर पहुॅचाने हेतु क्षेत्रीय एवं संतुलित विकास के दृष्टिगत विभिन्न आर्थिक क्षेत्रों, मण्डलों तथा जनपदों में अर्थव्यवस्था का मूल्यांकन एवं अनुश्रवण नियमित रुप से जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय (अर्थ एवं संख्या प्रभाग) द्वारा किया जा रहा है।

इस संदर्भ में जनपद ऐसी मूल प्रशासनिक इकाई है, जहॉ पर ही नियोजित विकास की रुपरेखा मूर्त रुप लेती है। इस उद्देश्य की प्राप्ति एवं पूर्ति हेतु जिला स्तरीय आर्थिक परिदृश्य में हो रहे सकारात्मक परिवर्तन अत्यन्त ही सार्थक एवं उपयोगी हैं।

जनपद प्रतापगढ़ की आर्थिक अवसंरचना में विगत 04 वर्षो में किये गये सकारात्मक मौलिक परिवर्तनों यथा-जनपद के विभिन्न भागों में 05 औद्योगिक क्षेत्रों का विकास तेजी से हुआ है।

इन क्षेत्रों में हुआ विकास

  • अन्तिम व्यक्ति तक सड़क कनेक्टिविटी एवं संचार माध्यमों का विकास
  • सूक्ष्म-लघु-मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के विकास के माध्यम से जनपद की अर्थव्यवस्था के सत्त औद्योगिकीकरण का प्रयास
  • प्राथमिक आर्थिक गतिविधियों में कृषि एवं कृषि सम्बद्ध क्षेत्रों-उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य उत्पादन को प्रोत्साहित करने में नवीन तकनीकों का प्रयोग
  • वित्तीय सेवाओं, व्यापार, होटल एवं जलपान गृह की सेवाओं को प्रोत्साहन
  • पर्यटन क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता

जीडीपी की स्थिति

जनपद के सकल घरेलू उत्पाद एवं प्रति व्यक्ति निवल घरेलू उत्पाद में वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्साहवर्धक प्रतिफल प्राप्त हुये हैं। जनपद का सकल घरेलू उत्पाद (प्रचलित कीमतों पर) वित्तीय वर्ष 2023-24 में 19333.72 करोड़ रुपये था जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में बढ़कर 24331.47 करोड़ रुपये हो गया, जबकि जनपद का प्रति व्यक्ति निवल घरेलू उत्पाद (प्रचलित कीमतों पर) उक्त अवधि में 44544.00 रुपये से बढ़कर 56090.00 रुपये हो गया।

इस उत्साहवर्धक प्रतिफल के परिणाम स्वरुप प्रदेश में जिला घरेलू उत्पाद के सन्दर्भ में जनपद की अर्थव्यवस्था का स्थान 51वें से घटकर 44वां जबकि प्रदेश में प्रति व्यक्ति निवल घरेलू उत्पाद के सन्दर्भ में जनपद की अर्थव्यवस्था का स्थान 75वें से घटकर 71वां हो गया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।