Join US

धमतरी में भीषण सड़क दुर्घटना: सीआरपीएफ के 3 जवान समेत 4 की मौत

रायपुर, 14 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। इस घटना में सीआरपीएफ के 3 जवान समेत 4 लोगों की मौत हो गयी है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना खपरी बायपास के पास की है। यहां ट्रक कार से टकरा गयी। हादसे में बस्तर से लौट रहे कार सवार तीन सीआरपीएफ जवान और एक ड्राइवर सहित 4 लोगों की मौत हो गई।

हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी होने पर वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डुमन साहू और हेमंत प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के नाम की जानकारी खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।

सिविल सर्जन अभिषेक टोंडर के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो अन्य की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खपरी बायपास पर जगदलपुर बटालियन से आ रही एक डिजायर कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में मौके पर ही दो जवानों की मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।