Join US

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 23 आईएएस अफसरों के तबादले

रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार 18 अगस्त को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं की हैं। इस फेरबदल में मंत्रालय से लेकर जिलों तक अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कांकेर, मुंगेली, सक्ती, गरियाबंद, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी समेत कई जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। शासन के आदेश के अनुसार 1999 बैच के आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है। 2006 बैच के आईएएस भुवनेश यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

कांकेर कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास बनाया गया है। वर्तमान संचालक रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कई जिलों के कलेक्टर बदले

प्रशासनिक फेरबदल में जिलों की कमान भी बदली गई है। रणबीर शर्मा को गरियाबंद का नया कलेक्टर बनाया गया है। मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार को कांकेर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को मुंगेली का कलेक्टर बनाया गया है। जयश्री जैन को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से कलेक्टर सक्ती बनाया गया है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की कलेक्टर तुलिका प्रजापति को कबीरधाम कलेक्टर बनाया गया है। वहीं कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग पदस्थ किया गया है। तनुजा सलाम, संचालक खेल एवं युवा कल्याण को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का नया कलेक्टर बनाया गया है।

खाद्य और नागरिक आपूर्ति में भी बदलाव

2011 बैच के आईएएस अधिकारी भोसकर विलास संदिपान, जो अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी हैं, को प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस अतिरिक्त प्रभार के लिए सहमति भी दी है। उनके कायर्भार ग्रहण करने के बाद इफ्फत आरा नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी। वहीं जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। हिना अनिमेष नेताम को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

खेल, पर्यटन और नगरीय निकायों में भी नई जिम्मेदारी

आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग पदस्थ करते हुए संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। लीना कोसम को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक पद से आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग की जिम्मेदारी दी गई है। सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के दिन से पर्यटन मंडल के असंवर्गीय पद को आईएएस के वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किया गया है।

पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, भारतीय वन सेवा अधिकारी, की सेवाएं उनके पैतृक विभाग वन विभाग को तत्काल प्रभाव से वापस कर दी गई हैं। इसके अलावा रोमा श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा और बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर बिलासपुर बनाया गया है। गजेन्द्र सिंह ठाकुर को वर्तमान दायित्वों के साथ संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।