प्रतापगढ़, 19 मई 2026। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में प्राइमरी स्कूल के बच्चों को वैज्ञानिक नवाचारों से अवगत कराया जा रहा है। इसके लिए भारत इनोवेट्स 2026 अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड आसपुर-देवसरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर-हैदरपुर में भारत क्विज भारत के नवाचार को कौन जानता है? विषय पर प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों, तकनीकी प्रगति एवं नवाचारों से परिचित कराना तथा उनमें वैज्ञानिक सोच का विकास करना रहा।
विद्यालय में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में बच्चों से मिशन आदित्य L-1, चन्द्रयान-3, ISRO, हरित क्रान्ति, डिजिटल इंडिया सहित भारत की प्रमुख वैज्ञानिक उपलब्धियों और नवाचारों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी जानकारी और जिज्ञासा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में ज्ञान, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के आयोजक एवं समन्वयक विज्ञान अध्यापक योगेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों के क्षेत्र में विश्व स्तर पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को देश के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं से प्रेरणा लेकर भविष्य में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में आयोजित यह गतिविधि विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई। बच्चों की सक्रिय सहभागिता, जिज्ञासापूर्ण प्रश्नों और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बना दिया।
