Join US

छत्तीसगढ़ की आदया के नाम रहा जूनियर मिस इंडिया मिस कॉन्फिडेंट का ख़िताब

रायपुर, 21 जनवरी 2026। जूनियर मिस इंडिया मिस कॉन्फिडेंट का ख़िताब इस बार छत्तीसगढ़ की आदया श्रीवास्तव के नाम रहा। आदया श्रीवास्तव ने जयपुर के पांच सितारा होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित प्रतिष्ठित जूनियर मिस इंडिया प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस ख़िताब को अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में देशभर से 180 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अपने वर्ग में आदया ने उत्कृष्ट वाक्-कौशल, नृत्य की भाव-भंगिमा, आत्मविश्वास तथा फैशन शो के रैंप वॉक के माध्यम से निर्णायकों एवं दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी सशक्त प्रस्तुति और आत्मविश्वास ने उन्हें यह प्रतिष्ठित ख़िताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ख़िताब जीतने पर आदया को ब्यूटी क्वीन क्राउन, सैश, प्रमाण-पत्र एवं गिफ्ट हैम्पर प्रदान किया गया। तीन दिनों तक चले इस भव्य आयोजन में बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोड़ा, लोकप्रिय टीवी सीरियल क्रिमिनल जस्टिस के निर्देशक-निर्माता मनीष सिंह, फैशन जगत की प्रतिष्ठित हस्ती सुश्री उन्नति सिंह, टीवी धारावाहिक अभिनेता जयदीप, बॉलीवुड कोरियोग्राफर यतिन गांधी, मॉडल सेफाली सूद, तथा प्रसिद्ध कवि आलोक श्रीवास्तव सहित अनेक जाने-माने निर्णायकगण उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम चरण में देश के 25 प्रमुख शहरों से चयनित प्रतिभागियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया, जिनमें से विजेताओं का चयन किया गया। इस राष्ट्रीय मंच पर आदया का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा और उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।

अपनी सफलता पर आदया ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उन्हें अपने स्वर्गीय दादा-दादी, नाना-नानी, मामा-मामी तथा माता-पिता का निरंतर आशीर्वाद और सहयोग मिला है। उन्होंने बताया कि कल्चरल राउंड में उन्होंने रायगढ़ घराने की कथक नृत्य शैली की प्रस्तुति दी, जबकि फैशन राउंड में उन्होंने प्रसिद्ध डिज़ाइनर रीमा माखीजा द्वारा डिज़ाइन की गई पोशाक में रैंप वॉक किया।

आदया को फ़ाइनल राउंड के लिए मिस इंडिया यूनिवर्स रह चुकी नयोनिता लोध ने प्रशिक्षित किया था। आदया ने भविष्य में सीनियर मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेने की भी इच्छा व्यक्त की। आदया, रायगढ़ घराने की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना श्रीमती वासंती वैष्णव की शिष्या हैं। उनके मार्गदर्शन में अपनी शास्त्रीय नृत्य कला को निरंतर निखार रही हैं।

कौन है आदया

आदया श्रीवास्तव, क्रांति नगर बिलासपुर निवासी, डीपीएस स्कूल, बिलासपुर की कक्षा सातवीं की छात्रा हैं। वे पूर्व क्रिकेटर आलोक श्रीवास्तव, जो वर्तमान में CMPDI में विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन एवं प्रशासन) के पद पर कार्यरत हैं, तथा श्रीमती आंचल श्रीवास्तव की पुत्री हैं।