• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक का बेटा बना डिप्टी कलेक्टर
Image

प्रतापगढ़ में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक का बेटा बना डिप्टी कलेक्टर

प्रतापगढ़, 30 मार्च 2026। यूपी के प्रतापगढ़ में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक का बेटा यूपीएससी क्वालीफाई कर डिप्टी कलेक्टर बन गया। प्रधानाध्याक के बेटे को मिली इस सफलता पर न केवल शिक्षक समुदाय बल्कि जिले भर के लोगों में खुशी है।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा के घोषित परिणाम ने जनपद को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दी है। जेठवारा निवासी एवं प्राथमिक विद्यालय विकरा के प्रधानाध्यापक जगत नारायण पुष्पाकर के सुपुत्र हर्ष पुष्पाकर ने अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम के दम पर डिप्टी कलेक्टर पद हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। हर्ष की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

जैसे ही हर्ष पुष्पाकर के चयन की खबर सामने आई, गांव से लेकर शहर तक जश्न का माहौल बन गया। हर्ष के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

हर्ष पुष्पाकर एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जहां शिक्षा और संस्कार को हमेशा प्राथमिकता दी गई। उनके पिता जगत नारायण पुष्पाकर एक शिक्षक हैं, जिन्होंने अपने पुत्र को बचपन से ही पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया।

हर्ष पुष्पाकर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और अपने आत्मविश्वास को दिया है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।