रायपुर, 5 नवंबर 2026। सामाजिक संस्था अवाम-ए-हिंद ने कुछ ऐसा किया कि दीवाली से पहले ही जरुरतमंद परिवारों के चेहरे पर मुस्कान छा गयी। जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने की पहल करते हुए अवाम-ए-हिन्द सोशल वेलफेयर कमेटी ने रामनगर क्षेत्र और आसपास की श्रमिक बस्तियों में नए कपड़े और मिठाइयां वितरित कीं।
संस्था ने गरीब, बेसहारा परिवारों, बुजुर्गों, कामगार महिलाओं-पुरुषों और बच्चों को दीपावली से पहले उपहार देकर त्योहार की खुशियों में शामिल किया। संस्था के संस्थापक मो. सज्जाद खान के मार्गदर्शन में 5 नवंबर 2026 को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के कार्यालय में कपड़ों का स्टॉल भी लगाया गया, जहां बस्ती के जरूरतमंद बुजुर्ग महिला-पुरुष और बच्चे पहुंचकर अपनी पसंद के नए कपड़े ले गए। मनपसंद कपड़े मिलने पर उनके चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
संस्थापक मो. सज्जाद खान ने बताया कि संस्था हर साल मानवीय संवेदना के आधार पर सैकड़ों जरूरतमंदों और निर्धन परिवारों तक नए कपड़े व जरूरी सामान पहुंचाती है। इसका उद्देश्य यह है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मान और खुशी के साथ त्योहार मना सकें। कार्यक्रम में राजेंद्र शर्मा, पं. अनिल शुक्ल, जाकिर हुसैन, जुबैर खान, प्रीति जैन, इशरत, शबनम खान सहित संस्था के अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।

