देश

गुजरात में लगेगी भारत की पहली फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 19, 2026
1 min read • 1.2k views
गुजरात में लगेगी भारत की पहली फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब

द हेग, 19 मई 2026। भारत की पहली फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब गुजरात में लगने जा रही है। इसकी स्थापना गुजरात के धोलेरा में की जाएगी। इसके लिए नीदरलैंड की एएसएमएल और भारत की टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने हाथ मिलाया है। यह एमओयू प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ ऊर्जा, बंदरगाह, स्वास्थ्य, कृषि व्यापार और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख डच कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ चर्चा की। उनसे भारत में निवेश करने का आह्वान किया।

उद्योग नेताओं ने तीन समूहों सेमीकंडक्टर, प्रौद्योगिकी और नवाचार; अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स और समुद्री क्षेत्र; तथा स्थिरता, ऊर्जा और कृषि पर प्रस्तुतियां दीं। भारत के लिए अपनी रणनीतियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

बैठक से पहले नीदरलैंड की एएसएमएल और भारत की टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के बीच एक समझौते पर दोनों नेताओं की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने गुजरात के धोलेरा में भारत की पहली फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एएसएमएल के साझेदारी निर्णय का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने भारत और नीदरलैंड के बीच व्यापार-से-व्यापार संबंधों की मजबूती का स्वागत किया और भारत की आर्थिक गतिशीलता में डच कंपनियों की बढ़ती रुचि की सराहना की। हाल के सुधारों और पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने व्यापार करने में सुगमता बढ़ाने तथा स्थिर, कुशल और पूर्वानुमेय नीतिगत वातावरण स्थापित करने के प्रयासों पर बल दिया।

पीएम मोदी ने डच कंपनियों को विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में भारत में अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।

दोनों देश के प्रधानमंत्रियों ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के शीघ्र क्रियान्वयन का आह्वान किया। यह मुक्त व्यापार समझौता भारत और यूरोपीय संघ को खुले बाजारों, समावेशी विकास और मजबूत आपूर्ति शृंखलाओं के प्रति प्रतिबद्ध विश्वसनीय साझेदारों के रूप में सुदृढ़ करता है।

उद्योग नेताओं ने भारत सरकार के सुधार एजेंडा की सराहना की और भारत के लिए अपनी भविष्य की योजनाएं साझा कीं। उन्होंने भारत में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के अवसरों की खोज में रुचि व्यक्त की।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।