गौरा (प्रतापगढ़), 19 जून 2025। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के विकास खंड गौरा के सभागार में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जितेंद्र कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ग्राम प्रधान, सफाई कमर्चारी, ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी शामिल रहे। बैठक का उद्देश्य विकास खंड में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और कार्यान्वयन में तेजी लाना था।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना पर विशेष जोर दिया गया। बीडीओ ने सभी ग्राम प्रधानों और स्थानीय कमर्चारियों को इस योजना के तहत पंजीकरण के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया। ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए हैंडपंप की मरम्मत और रिबोर कार्य को प्राथमिकता देने के लिए कहा गया, ताकि पेयजल की समस्या न हो।
अमृत सरोवरों के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। वृक्षारोपण के लिए चयनित स्थलों पर गड्ढे खोदने और मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में मजदूरों को लगातार रोजगार प्रदान करने पर भी चर्चा हुई। बीडीओ ने पंचायत सहायकों और ग्राम पंचायत सचिवों को फैमिली आईडी के लिए अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी।
जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कमर्चारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों ने भी योजनाओं को गति देने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। यह बैठक गौरा विकास खंड में विकास कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।














