रायपुर, 16 अप्रैल 2026। तेज धूप और बढ़ते तापमान के चलते छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से ग्रीष्मावकाश होने जा रहा है। विभाग को इस संबंध में औपचारिक आदेश निर्गत करने का निर्देश स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिया है।
बता दें पिछले कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। 40 डिग्री से ऊपर के तापमान को सहन करने में बच्चे अक्षम साबित हो रहे हैं। इसकी जानकारी स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को हुई तो उन्होंने इस संबंध में चिकित्सकों से परामर्श लिया।
इसके उपरान्त उन्होंने 20 अप्रैल से 15 जून तक स्कूलों में ग्रीष्मावकाश करने का निर्णय लिया है। इसका विधिवत आदेश जल्द ही विभाग जारी कर देगा।
मुख्यमंत्री ने की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रीष्मावकाश की घोषणा कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व निर्धारित तिथि से पहले लागू करते हुए अब 20 अप्रैल से 15 जून तक घोषित किया है – ताकि इस भीषण गर्मी में बच्चों की सेहत सुरक्षित रह सके।
स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा ने ग्रीष्मावकाश के संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। 20 अप्रैल से ग्रीष्मावकाश की वजह भीषण गर्मी और लू को बताया गया है।