Join US

पीएम मोदी ने जंतर-मंतर पर गाली देने वाले बच्चों को किया माफ

नई दिल्ली, 1 अगस्त 2026। जंतर-मंतर पर काक्रोच जनता पार्टी के आन्दोलन के दौरान कई ऐसे वीडियो सामने आए, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्द कहे गए। कई ऐसी लड़कियों के वीडियो भी सामने आए, जिसमें लड़कियां गाली देती नजर आ रही हैं। प्रोटेस्ट खत्म होने के बाद पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ एक्शन लेना शुरू कर दिया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार 31 जुलाई 2026 की देर रात 11 बजकर 6 मिनट पर वीडियो पोस्ट कर कहा है कि वे गालियां देने वाले बच्चों को माफ करना चाहते हैं। आइए आपको बताते हैं कि पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में क्या कहा।

पीएम मोदी ने अपने वीडियो कि शुरुआत फिर हाय फ्रेंड्स के साथ की। उन्होंने आगे कहा कि आज तो मन करता है बस आपसे ही बातें करूं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि जंतर-मंतर पर जो कुछ भी हुआ, देश और दुनिया ने देखा। कुछ शरारती बच्चों ने भद्दी-भद्दी गालियां बोलीं। किसी भी सभ्य समाज को शोभा न दे, ऐसे शब्दों का प्रयोग किया गया। मुझे तो गालियां दीं, मेरी स्वर्गीय माता को भी गालियां दीं। न जाने कितना भद्दा स्वरूप था, लेकिन मैं आज बात करना चाहता हूं कि बचपन में गलतियां होती हैं और बचपन में गलतियों से सुधरने का अवसर भी होता है और यही तो बचपना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज के अंदर, जो आक्रोश है मैं उसको भलीभांति समझ सकता हूं। एक कल्चरल शॉक है कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा कैसे बोल सकती हैं। लेकिन समय है इन बच्चों को गले लगाकर राह दिखाने का। ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें राह दिखाना हमारा काम है। इन्हें सजा देना, अदालतों के चक्कर कटवाना, समाज में उनको प्रताड़ित करना। इससे हम परिस्थितियां नहीं बदल पाएंगे। मैं उनको माफ करना चाहता हूं। समाज भी मेरी इस बात को स्वीकार करे।