संस्कार ग्लोबल स्कूल में सम्मानित किए गए नीट के मेधावी और राज्य स्तरीय खिलाड़ी
प्रतापगढ़, 31 जुलाई 2026। संस्कार ग्लोबल स्कूल, टेउंगा में शुक्रवार को एक भव्य समारोह का आयोजन कर विद्यालय के प्रतिभावान और सफल छात्रों को सम्मानित किया गया। मेधावियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में विद्यालय के निदेशक रंजन सिंह एवं प्रिंसिपल समीना अख्तर ने नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र वंश विक्रम सिंह, सक्षम पांडेय और निष्कर्ष मिश्र को विशेष रूप से सम्मानित किया। इसके साथ ही खेल के क्षेत्र में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
गोला फेंक (बालक वर्ग) में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक,चक्का फेंक में कांस्य पदक जीतने वाले आदित्य मिश्र और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल करने वाले नवीन शुक्ल को मेडल व उपहार देकर बधाई दी गई। सम्मान प्राप्त करने वाले सफल छात्रों ने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हें कठिन परिश्रम तथा निरंतरता के साथ सफलता हासिल करने के उपयोगी टिप्स दिए।
कार्यक्रम का संयोजन शुभी अली, संचालन सर्वेश सिंह ने किया। इस अवसर पर संदीप सिंह रिंकू, संजीव पांडेय,रवि मिश्र,जफर खान,राजेश सिंह,आनंद सिंह, मो. रईस, शिवम पांडेय,विनोद मौर्य आदि मौजूद रहे।
