बांदा, 10 जुलाई 2025। पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास खण्ड बड़ोखरखुर्द में 9 जुलाई 2025 को वृहद वृक्षारोपण अभियान 2.0: एक पेड़ मां के नाम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामकेश निषाद, जल शक्ति राज्य मंत्री, ने पौधरोपण कर किया।

इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के रुप में पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय, प्रमुख सचिव (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) पंधारी यादव, जिलाधिकारी बांदा श्रीमती जे. रीभा, मुख्य विकास अधिकारी अजय पाण्डेय, डीएफओ अरविन्द कुमार और ब्लॉक प्रमुख बड़ोखरखुर्द स्वर्ण सिंह ‘सोनू’ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भूगर्भ जल विभाग की सहायक अभियंता श्रीमती श्वेता गुप्ता, आईईसी एक्सपर्ट अखिलेश पाण्डेय, कृषि विशेषज्ञ रविकांत उपाध्याय, जिला समन्वयक यूनॉप्स आशीष कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों ने भी वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अटल भूजल योजना के तहत चयनित 95 ग्राम पंचायतों में ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों और डीआईपी प्रतिनिधियों के सहयोग से हरिशंकरी और त्रिवेणी प्रजातियों सहित प्रति पंचायत 10 वृक्षों के हिसाब से कुल 950 पौधों का रोपण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि रामकेश निषाद ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जिलाधिकारी श्रीमती जे. रीभा ने ग्रामीण स्तर पर जन-जागरूकता के लिए इस तरह के आयोजनों को प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर उपस्थित विशेषज्ञों ने जलवायु परिवर्तन और भूजल संरक्षण के लिए वृक्षारोपण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।














