प्रतापगढ़, 10 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मानदंडों पर प्रतापगढ़ के डीएम-एसपी खरे उतरे हैं। आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जनवरी 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में प्रतापगढ़ ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जिले को पूर्णांक 135 में से 135 अंक (100 प्रतिशत) प्राप्त हुए हैं। यह उपलब्धि डीएम शिव सहाय अवस्थी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के प्रभावी नेतृत्व का परिणाम है।
शिकायतों की मार्किंग और अग्रसारण का औसत समय मात्र 0.01 दिन रहा। समीक्षा अवधि में कोई भी लंबित और डिफाल्टर संदर्भ लंबित नहीं पाया गया।
आवेदकों से मिले फीडबैक में 97.72 प्रतिशत संतोषजनक प्रतिक्रियाएं दर्ज पाया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय और उच्चाधिकारियों की ओर से जिले के खिलाफ ‘सी-श्रेणी’ का कोई संदर्भ प्राप्त नहीं हुआ है। इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जिले ने उच्चाधिकारियों की निगरानी, अधीनस्थ कार्यालयों के रैंडम श्रेणीकरण, संदर्भ अनुमोदन, फीडिंग और आवेदकों से प्रत्यक्ष संपर्क जैसी प्रक्रियाओं में भी निर्धारित लक्ष्यों से बेहतर प्रदर्शन किया है। 98 प्रतिशत से अधिक मामलों में आवेदकों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया गया है।















