प्रतापगढ़ की प्रिया पांडेय पहले प्रयास में बनीं समीक्षा अधिकारी

प्रतापगढ़, 6 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश का प्रतापगढ़ जिला अपनी उपजाऊ मिट्टी के साथ-साथ अब अपनी मेधावी संतानों के लिए भी पहचाना जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के अंतू थाना क्षेत्र के ग्राम महुआएं की एक और प्रतिभाशाली बेटी प्रिया पांडेय ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का मान बढ़ाया है। प्रिया का चयन समीक्षा अधिकारी के गौरवशाली पद पर हुआ है। खास बात यह है कि उन्होंने यह मुकाम अपने पहले ही प्रयास में हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

शिक्षक पिता का सपना किया साकार

प्रिया पांडेय एक ऐसे परिवेश से आती हैं जहाँ शिक्षा को ही सबसे बड़ा धन माना गया है। उनके पिता, सुरेंद्र कुमार पांडेय, वर्तमान में गोरखपुर के एक इंटर कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। एक शिक्षक की बेटी होने के नाते प्रिया का झुकाव बचपन से ही शिक्षा और अनुशासन की ओर रहा। प्रिया की इस सफलता ने न केवल उनके पिता का सिर फख्र से ऊंचा कर दिया है, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि यदि मार्गदर्शन सही हो और इरादे मजबूत हों, तो लक्ष्य हासिल करना कठिन नहीं है।

पहले प्रयास में मिली बड़ी कामयाबी

प्रतियोगी परीक्षाओं के दौर में जहां अभ्यर्थी सालों-साल तैयारी में खपा देते हैं, वहीं प्रिया पांडेय ने अपनी रणनीतिक तैयारी के बल पर प्रथम प्रयास में ही सफलता हासिल कर लिया। उनकी इस उपलब्धि पर ग्राम महुआएं और आसपास के क्षेत्रों में जश्न का माहौल है। प्रिया की सफलता की खबर जैसे ही गांव पहुंची, उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रिया ने अन्य लड़कियों के लिए एक मिसाल पेश की है।

मेहनत और निरंतरता रही सफलता की कुंजी

प्रिया अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के अटूट विश्वास और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को देती हैं। उनका मानना है कि सिविल सेवा या किसी भी बड़ी परीक्षा में सफल होने के लिए ‘स्मार्ट वर्क’ और निरंतरता सबसे जरूरी है। प्रिया की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली बेटियां भी अगर ठान लें, तो आसमान की बुलंदियों को छू सकती हैं।