Join US

प्रतापगढ़ के युवक ने Amazon से मंगाया लैपटाप, पार्सल खोला तो निकला पत्थर, पुलिस ने दिलाया पैसा

प्रतापगढ़, 31 जुलाई 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में एक युवक के साथ अजीबोगरीब कारनामा हुआ। जनपद प्रतापगढ़ के निवासी रंजीतपुर, चिलबिला, थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़ द्वारा ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म Amazon के माध्यम से ₹61,450 मूल्य का एक लैपटॉप ऑर्डर किया गया था। निर्धारित समय पर पार्सल की डिलीवरी प्राप्त होने के बाद जब उन्होंने बॉक्स खोला, तो उसमें लैपटॉप के स्थान पर पत्थर निकला। यह देखकर पीड़ित अत्यंत स्तब्ध एवं परेशान हो गया।

पीड़ित द्वारा तत्काल Amazon के कस्टमर सपोर्ट से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि पार्सल खोलते समय उन्होंने संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की थी, जिससे घटना के स्पष्ट साक्ष्य उपलब्ध थे। इसके बावजूद कंपनी की ओर से यह कहकर सहायता देने से इंकार कर दिया गया कि उनकी ओर से सभी प्रक्रियाएं सही ढंग से पूरी की गई हैं तथा उनकी तरफ से कोई त्रुटि नहीं हुई है।

जब पीड़ित को कहीं से न्याय नहीं मिला और उसकी मेहनत की कमाई संकट में पड़ गई, तब उसने साइबर क्राइम पुलिस थाना, जनपद प्रतापगढ़ में लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

प्रार्थना पत्र प्राप्त होते ही साइबर थाना प्रतापगढ़ की टीम द्वारा मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया गया तथा संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से प्रभावी समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक एवं तकनीकी कार्रवाई की गई। साइबर टीम के सतत प्रयासों एवं प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप पीड़ित को उसके ₹61,450 (इकसठ हजार चार सौ पचास रुपये) की संपूर्ण धनराशि सफलतापूर्वक रिफंड करा दी गई।

रिफंड प्राप्त होने के बाद पीड़ित के चेहरे पर पुनः मुस्कान लौट आई। उन्होंने साइबर थाना प्रतापगढ़ एवं पूरी पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उनकी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी और पुलिस के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। प्रभारी निरीक्षक राजीव तिवारी, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार, कांस्टेबल सत्येन्द्र यादव, साइबर क्राइम पुलिस थाना प्रतापगढ़ की पूरी टीम ने युवक को न्याय दिलाने में बाखूबी अपनी भूमिका निभाई।