प्रतापगढ़, 02 अक्टूबर 2026। जनपद प्रतापगढ़ में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण तथा जनसामान्य को इन रोगों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एएन प्रसाद द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा लोगों को अपने आस-पास स्वच्छता अपनाने संचारी रोगों के प्रसार पर रोक लगाने के लिए शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ विभिन्न विभागों एवं जनसामान्य की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इस अभियान के दौरान जनपद में डेंगू मलेरिया फाइलेरिया जापानी इनसेफ्लाइटिस चिकनगुनिया स्क्रब टाइफस लेपटो स्पाइरोसिस व अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के संबंध में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जायेंगी।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडेय द्वारा बताया गया की दिनांक 12 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने वाले दस्तक अभियान के दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर घर जाकर लोगों को मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने ,घर एवं आस पास साफ सफाई रखने पानी जमा न होने देने मच्छरदानी का प्रयोग करने तथा बुखार होने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच एवं उपचार कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की। उनके द्वारा बताया गया की स्वच्छता जागरूकता और समय पर जांच एवं उपचार ही संचारी रोगों से बचाव का प्रभावी उपाय है।
इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनजागरूकता के लिए जिला अस्पताल परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली चौक घंटाघर से पंजाबी मार्केट होती हुई अस्पताल परिसर में आकर समाप्त हुई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा, एएनएम, नगर पालिका परिषद वेल्हा से अधिकारी कर्मचारी, अपर पंचायत राज अधिकारी और अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
