प्रतापगढ़, 18 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि फिर एक और हत्या की घटना हो गई।
गनीमत यह है कि इस बार देवेंद्र यादव नाम के युवक की हत्या उसके ही बहनोई कपिल यादव ने की है। इस वजह से मामले में शोर सराबा होने की संभावना कम है।
जानकारी के मुताबिक कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार 18 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 12 बजे पारिवारिक विवाद में बहनोई ने अपने साले को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मदाफरपुर बाजार निवासी देवेन्द्र यादव पुत्र गया प्रसाद यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की पहचान उसके सगे जीजा कपिल यादव निवासी खानापुर, थाना पीपरपुर, जनपद अमेठी के रूप में की है। कपिल यादव पूर्व सैनिक है और वर्तमान में जिला अस्पताल सुल्तानपुर में गार्ड के पद पर काम करता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कपिल यादव का अपनी पत्नी प्रियंका से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते एक दिन पहले 17 अगस्त को देवेन्द्र यादव अपनी बहन प्रियंका को अपने घर ले आया था। बताते हैं कि इसी बात से नाराज कपिल यादव मंगलवार को मदाफरपुर बाजार पहुंचा और देवेन्द्र यादव को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी।
गोली लगने से देवेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लोगों ने आरोपी को पकड़कर पीटा
घटना के बाद आरोपी कपिल यादव मौके से भागने लगा, लेकिन वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने आरोपी के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलते ही कोहंडौर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल के संबंध में भी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य और पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#facebookpost #pratapgarhnews #CrimeNews #prtapgarh_polis #hilights #HindiNews
