यूपी

अमिताभ बच्चन के पुरखों के गांव बाबूपट्टी में डीएम लगाएंगे शिविर

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 16, 2026
1 min read • 1.2k views
अमिताभ बच्चन

प्रतापगढ़, 16 अक्टूबर 2026। मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन को तो दुनिया जानती है, पर इन दिनों अमिताभ बच्चन के पुरखों का गांव बाबूपट्टी भी सुर्खियों में है। इस गांव का नाम केबीसी के मंच से खुद अमिताभ बच्चन ने लिया तो चर्चा तेज हो गयी। श्री बच्चन ने बाबूपट्टी को अपने पुरखों के गांव के रुप में न केवल स्वीकार किया बल्कि यह भी कहा कि वह यहां अपने पिता स्व. हरिवंश राय बच्चन की याद में कुछ करेंगे।

इसके बाद से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। पिछले दिनों डीएम अभिषेक पांडेय ने अपने मातहत अफसरों के साथ बाबूपट्टी गांव का दौरा किया था और स्व. हरिवंश राय बच्चन की याद में बने पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया था।

अब 26 अक्टूबर 2026 को बाबूपट्टी गांव में डीएम अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में जनकल्याणकारी शिविर आयोजित करने की तैयारी है। जिले के मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना ने इसकी पुष्टि किया है। उन्होंने बताया कि मातृभूमि योजना के अन्तर्गत विकास खण्ड गौरा के अन्तर्गत ग्राम बाबूपट्टी में ग्रामीण को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए 26 अक्टूबर 2026 को अपरान्ह 5 बजे से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया जायेगा।

शिविर के माध्यम से गांव के लोगों की समस्या सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारी उसका समाधान करेंगे। अमिताभ बच्चन द्वारा बाबूपट्टी गांव को अपने पुरखों का गांव स्वीकार करने से इस गांव के लोग बेहद खुश हैं। बता दें बाबूपट्टी गांव में ही अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन का जन्म हुआ था।

कालांतर में उनका पूरा परिवार प्रयागराज चला गया। हरिवंश राय बच्चन ने अपने जीवनकाल के अंतिम क्षणों तक इस गांव के लोगों से अपना संबंध बनाये रखा था। अमिताभ बच्चन की पत्नी जया बच्चन इस गांव में आयाी थीं और पुस्तकालय की आधार​शिला रखी थी। उस दौरान उन्होंने गांव के लोगों से पति अमिताभ बच्चन, बेटे अभिषेक और बहू ऐश्वर्या के साथ आने का वादा किया था।

गांव के लोग अभी भी सपरिवार अमिताभ बच्चन के बाबूपट्टी गांव आने का इंतजार कर रहे हैं।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।