यूपी

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं को लगा एचपीवी टीका

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जुलाई 30, 2026
1 min read • 1.2k views
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं को लगा एचपीवी टीका

गौरा (प्रतापगढ़), 30 जुलाई 2026। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, सुल्तानपुर में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पात्र छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एचपीवी का टीका लगाया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता मालवीय की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में छात्राओं को टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि एचपीवी टीका भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही छात्राओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर आवश्यक टीकाकरण कराने की अपील की गई।

टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सहायक अध्यापक शिवानी जायसवाल तथा पूजा देवी ने अभियान के दौरान छात्राओं का मार्गदर्शन किया और उन्हें टीकाकरण से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग की टीम में रीता देवी तथा सुदामा देवी ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बालिकाओं का सुरक्षित टीकाकरण किया।

अभियान के दौरान सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन किया गया। टीकाकरण के बाद छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति पर भी निगरानी रखी गई। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और सरकार द्वारा संचालित टीकाकरण कार्यक्रमों का पूरा लाभ उठाएं।

प्रधानाचार्य सुनीता मालवीय ने कहा कि छात्राओं का स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य विद्यालय की प्राथमिकता है। ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम न केवल गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होते हैं, बल्कि किशोरियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।