लखनऊ, 14 दिसंबर 2025। यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने पहले उद्बोधन में ही कार्यकर्ताओं का दिल जीत लिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा में ही यह संभव है, जहां मुझ जैसे कार्यकर्ता को ये पद मिला है। यहां कोई वाद नहीं है, न परिवारवाद, न जातिवाद। सभी कार्यकर्ताओं से कहूंगा, आप मेरे लिए सर्वोपरि हैं, आपके लिए लड़ूंगा, अडूंगा और बात भी सुनूंगा।
कार्यालय, कार्यक्रम, कार्यकर्ता, कोष ये चार चीजें संगठन के लिए जरूरी हैं। मुझे रूल नहीं करना है, रोल अदा करना है। संगठन, संपर्क, संवाद, समन्वय मेरे मूल मंत्र होंगे। सभी कार्यकर्ताओं के अनुभवों का काम लिया जाएगा। दीनदयाल जी की सोच को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चरितार्थ किया है। अंतिम व्यक्ति तक योजना पहुंच रही है। पहले गोरखपुर का नाम सुनकर लोग पीछे हो जाते थे पर योगी जी के काम से अब लोग सम्मान से देखते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रदेश का काया कल्प किया है।















