प्रतापगढ़, 13 मार्च 2026। प्रतापगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी हो गयी है। 14 और 15 मार्च को पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन होगा। शुक्रवार 13 मार्च को अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय ने उप निरीक्षक सीधी भर्ती परीक्षा–2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जनपद में भ्रमणशील रहकर थाना कोतवाली देहात क्षेत्रान्तर्गत स्थित परीक्षा केंद्र अनन्त प्रसाद इंटर कॉलेज, भदोही, प्रतापगढ़ का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की तैनाती तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। साथ ही परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखने तथा परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इससे पहले 10 मार्च को जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये थे। 14 और 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरती है।
परीक्षा केन्द्रों पर ऐसी होगी व्यवस्था
- प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात होंगे।
- गड़बड़ी, नकल या अवैध गतिविधि को रोकने के लिए कड़ी निगरानी होगी।
- परीक्षा केन्द्र के भीतर घड़ी या किसी भी इलेक्ट्रानिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबन्ध है।
- परीक्षा केन्द्र के आस-पास के फोटो कापी की दुकाने पूर्णतया बन्द रहेंगी।














