गौरा (प्रतापगढ़), 13 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के विकास खंड गौरा में स्वास्थ्य और अन्य सहयोगी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण ब्लॉक स्तरीय अंतविर्भागीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु टीकाकरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाना और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे में सुधार करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए दी जाने वाली एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग का सहयोग अनिवार्य है। बैठक में रणनीति बनाई गई कि कैसे स्कूलों और ग्रामीण स्तर पर जागरूकता फैलाकर अधिक से अधिक किशोरियों को इस कवच से सुरक्षित किया जाए।
बैठक में एडीओ पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि, आईसीडीएस के सुपरवाइजर समेत विभिन्न विभागों के सदस्य उपस्थित रहे।
इन प्रमुख बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बीआरटी की संयुक्त विजिट: नियमित टीकाकरण से छूटे हुए परिवारों को कवर करने के लिए ‘ब्लॉक रिस्पांस टीम’ की संयुक्त विजिट पर चर्चा की गई। बीपीएम नरेन्द्र कुमार मिश्रा ने इस दौरान डेटा प्रबंधन और फील्ड विजिट की बारीकियों को साझा किया।
वीएचएसएनडी सत्रों का सुदृढ़ीकरण: ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण दिवस के सफल आयोजन के लिए शिक्षा विभाग, पंचायती राज और नगर पंचायत सुवन्सा के सक्रिय सहयोग को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बुनियादी ढांचे में सुधार: बैठक में एक गंभीर मुद्दा उभर कर आया कि कई सत्रों पर अभी भी एएनसी टेबल उपलब्ध नहीं हैं। इस पर विशेष चर्चा करते हुए पंचायती राज विभाग के सहयोग से जल्द से जल्द इन टेबलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया, ताकि गर्भवती महिलाओं की जांच सुचारू रूप से हो सके।














