प्रतापगढ़ में 21.75 लाख मतदाता, विश्वनाथगंज सबसे ज्यादा, बाबागंज में सबस कम

प्रतापगढ़, 11 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में 2027 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में 21.75 लाख मतदाता अपने भाग्य विधाता का चुनाव करेंगे। जिले की सात विधानसभा सीटों में से विश्वनाथगंज सबसे ज्यादा और बाबागंज में सबस कम मतदाता हैं।

एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। जारी सूची के अनुसार जिले में 21.75 लाख मतदाता हैं।

विधानसभावार आंकड़ा

  • कुंडा : 312461
  • बाबागंज : 278010
  • रामपुर खास : 290404
  • विश्वनाथगंज : 343412
  • प्रतापगढ़ : 304324
  • पटटी : 334529
  • रानीगंज : 312723

राजनैतिक दलों को दी गयी मतदाता सूची

आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अन्तर्गत अन्तिम रूप से प्रकाशित की गयी विधानसभा निर्वाचक नामावलियो की हार्डकापी एवं सॉफ्टकापी (बिना फोटो वाली मतदाता सूची की पीडीएफ) जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलो के अधिकृत प्रतिनिधियों को निःशुल्क उपलब्ध कराने हेतु उप जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य प्रजापति की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय के सभागार में बैठक आहूत की गयी।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियो को अन्तिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों की हार्डकापी एवं सॉफ्टकापी उपलब्ध करायी गयी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली सभी मतदेय स्थलों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), तहसील कार्यालयों एवं जिला निर्वाचन कार्यालय प्रतापगढ़ में व एनआईसी की वेबसाइट पर निःशुल्क अवलोकन कर सकते है।

नाम छूट गया हो तो फार्म 6 भरें

उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि वे अपने नाम एवं विवरण की पुष्टि के लिए निर्वाचक नामावली का अवश्य निरीक्षण करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का नाम किसी कारणवश अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है तो फार्म 6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत करा सकते है।

बैठक में उपजिलाधिकारी तनवीर अहमद, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, बहुजन समाज पार्टी के जिला महासचिव सादिक अली, भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय मंत्री विक्रम सिंह, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया के सचिव लाल बहादुर तिवारी, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डा नीरज त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश महासचिव परमानन्द मिश्र सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।