नई दिल्ली, 15 मई 2026। आखिरकार हुआ वही, जिसकी आशंका थी। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिये गये। राहत की बात यह है कि कीमतों में उतनी अधिक बढोत्तरी नहीं हुई जिसकी अफवाह चल रही थी। पेट्रोल 3.14 और डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। कीमतें देश में तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गयी है। सीएनजी की कीमत में 2 भी रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है।
तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का कहना है कि महंगे क्रूड ऑयल की वजह से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही संकेत दे चुके थे कि तेल कंपनियों को रोजाना 1000 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा हो रहा है। उनका कहना था कि यदि खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई तो एक तिमाही में कंपनियों का कुल नुकसान 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल के अनुसार, भारतीय बास्केट में कच्चे तेल की औसत कीमत पिछले तीन महीनों से 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई है। अप्रैल 2026 में यह औसत 114 डॉलर प्रति बैरल रही, जबकि मई में भी कीमत करीब 104 डॉलर प्रति बैरल दर्ज की गई है।
