विश्व पर्यावरण दिवस पर मां नर्मदा घाट में चला स्वच्छता अभियान

मंडला, 6 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान द्वारा मां नर्मदा के तट पर स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। प्रातः 7ः30 बजे आयोजित इस अभियान में संस्थान की दोनों इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक-प्रशिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, पर्यावरण विशेषज्ञ राजेश क्षत्रिय एवं दिवाकर द्विवेदी रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नर्मदा घाट की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा स्वच्छ परिवेश बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दिन की सार्थकता तभी होगी जब पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हो और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास हो। आज प्रदूषण, वनो की कटाई, जलवायु परिवर्तन और जल संकट जैसी समस्याएं हमारे सामने बडी चुनौती बनकर खडी है। यदि हम अभी से पर्यावरण की रक्षा के लिए कदम नही उठाएंगे, तो आने वाली पीढियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड सकता है।

इसी क्रम में पर्यावरण विशेषज्ञ राजेश क्षत्रिय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक दिन का अभियान नही, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नर्मदा के तट की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।

जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अखिलेश पाण्डेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करते हैं।

कार्यक्रम में युगल प्रकाश द्विवेदी, श्रीमती शमशाद बेगम, श्रीमती श्रद्वा चौबे, श्रीमती नगमा बेगम, गणेश, विवेक कुमार, राकेश सिन्ध्यिा, रामकृष्ण धुर्वे, प्रमोद परमार, देवेन्द्र कोरिया एवं सोहन सोनी आदि लोगो का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।