प्रतापगढ़, 6 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बड़ा हादसा सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली में बारिश के चलते जर्जर मकान भरभरा कर ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई है।
मकान के मलबे में दबने से पति-पत्नी, परिवार की बड़ी बहू, दो नाती और छोटे बेटे की मौत हो गई है। बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 5 अगस्त की आधी रात हुए हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। एक साथ एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से कोहराम भी मचा हुआ है। बताया जाता है कि मकान करीब सौ साल पुराना था।
जानकारी के मुताबिक महुली नहर के पास 60 वर्षीय प्रमोद कुमार श्रीवास्तव का पूरा परिवार बुधवार रात एसी लगी होने के कारण एक ही कमरे में सो रहा था। रात करीब 1:30 बजे जर्जर मकान का ऊपरी हिस्सा उसी कमरे पर गिर गया। इससे पूरा कमरा भी जमींदोज हो गया।
मकान गिरने की तेज आवाज पर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस सूचना देने के साथ ही मलबा हटाना शुरू किया।
कुछ देर में ही चौकी इंचार्ज रोहित सिंह, शहर कोतवाल सुभाष यादव, सीओ सिटी आशुतोष मिश्र के साथ ही फायर ब्रिगेड के लोग भी पहुंच गए। मलबे से सात लोगों को बाहर निकाल कर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
यहां प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी 55 वर्षीय पत्नी रीता श्रीवास्तव, 25 वर्षीय छोटे बेटे नितिन, बड़े बेटे अमन की 23 वर्षीय पत्नी माधुरी, अमन के 2 साल के बेटे माधव और 10 माह के बेटे अद्विक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि 28 वर्षीय बड़े बेटे अमन का इलाज चल रहा है। उनकी भी हालत गंभीर है।
क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा ने बताया कि दिनांक 06.08.2026 को भोर रात्रि में लगभग 02:00 बजे थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम महुली में एक जर्जर मकान गिरने की घटना हुई, जिसमें 06 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 01 व्यक्ति सुरक्षित है। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सभी मृतकों के शवों को पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतु जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेज दिया गया है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
