प्रतापगढ़, 10 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से चित्रकूट धाम के लिए अब सीधी ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन प्रतापगढ़ शहर स्थित मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन से चलकर सीधे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी।
इसके बीच में वह अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल और उन्नाव स्टेशनों से होकर गुजरेगी । इस राह से जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को अब चित्रकूट धाम पहुंचना बिल्कुल आसान हो जाएगा।
रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब चित्रकूट से प्रतापगढ़ और लखनऊ जाने वाले यात्रियों को अब कानपुर में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी।
रेलवे बोर्ड ने कानपुर-चित्रकूट और कानपुर-प्रतापगढ़ के बीच चलने वाली दो एक्सप्रेस ट्रेनों के विलय को मंजूरी दे दी है।
विलय के बाद 14123/24 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस 24 कोच के साथ चलेगी। ट्रेन चित्रकूटधाम कर्वी से बांदा, अतर्रा, घाटमपुर, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी और चिलबिला होते हुए प्रतापगढ़ पहुंचेगी।
कोचों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को अधिक सीटें मिलेंगी। इससे चित्रकूट, बांदा, लखनऊ और प्रतापगढ़ के बीच आवागमन के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
