गौरा (प्रतापगढ़) 15 अगस्त 2026। प्रतापगढ़ जिले के विकासखंड गौरा अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय डीह सुल्तानपुर में ग्राम प्रधान श्रीमती रूकांति देवी ने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया ।
उन्होंने देश को आजादी दिलाने में अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले बलिदानियों को नमन किया । अपने संबोधन में ग्राम प्रधान श्रीमती रूकांति देवी ने कहा कि देश को आजाद करने में जिन बलिदानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी उनके सपनों को पूरा करना हम सब की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पर्यावरण को बचाने, स्वच्छता अपनाने, नशीले पदार्थों के सेवन से युवाओं को बचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी अगर अपनी अपनी जिम्मेदारी निष्ठा के साथ निभाएं तो हमारा देश पूरी दुनिया में सबसे पहले स्थान पर होगा।
प्रधानाध्यापक दीपक कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम प्रधान का उनके द्वारा दिए जाने वाले सहयोग के प्रति आभार जताया और उनके कार्यों की सराहना की।
