प्रतापगढ़, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में संस्कार ग्लोबल स्कूल, टेउंगा के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। बच्चों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने समारोह में मौजूद हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने अपने संबोधन में बच्चों की कला और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों की जमकर तारीफ की। वहीं, जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बच्चों के प्रदर्शन से प्रभावित होकर स्वयं अपने हाथों से प्रशंसा पत्र लिखा और उन्हें भेंट किया।
इसके साथ ही डीएम ने बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपए नगद और 10 हजार रुपए का डेमो चेक देकर पुरस्कृत किया।विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. अंजना सिंह सेंगर ने इस उपलब्धि को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि जब जिले का सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी स्वयं अपनी कलम से बच्चों के लिए प्रेरणादायक शब्द लिखता है, तो वह क्षण किसी भी पुरस्कार से बढ़कर अमूल्य स्मृति और जीवनभर के लिए प्रेरणा बन जाता है।
उन्होंने आत्मीयता से प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने के लिए जिलाधिकारी के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक रंजन सिंह और प्रधानाचार्य समीना अख्तर ने भी सभी प्रतिभागी बच्चों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
