प्रतापगढ़, 5 सितंबर 2026। संस्कार ग्लोबल स्कूल टेउंगा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे नौनिहालों और छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। शुभारंभ विद्यालय के निदेशक रंजन सिंह एवं प्रिंसिपल समीना अख्तर ने मां सरस्वती एवं राधा-कृष्ण का पूजन कर किया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ‘दशावतार’ तथा ‘सारथी’ पर आधारित नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे खूब सराहा गया। चेयरपर्सन डॉ. अंजना सिंह सेंगर ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
संयोजन गुंजन सिंहा, शुभी अली, लक्ष्मी देवी एवं संचालन अविनाश सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रकाश त्रिपाठी, अखिलेश मिश्र, अंकिता तिवारी, श्रद्धा पांडेय, संगीत दुबे, दीनानाथ शर्मा सहित लोग मौजूद रहे।
