प्रतापगढ़, 7 सितंबर 2026। यूपी के प्रतापगढ़ में शिक्षामित्र सीमा तिवारी के बेटे मयंक तिवारी का चयन लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। इसे लेकर जिले में खुशी की लहर है। मयंक नगर पंचायत लालगंज के वार्ड नंबर 16, पूरे टीकाराम निवासी पारसनाथ तिवारी के पौत्र हैं। मयंक ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर प्रतापगढ़ जनपद का नाम रोशन किया है।
5 सितंबर 2026 को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, चेन्नई में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्रदान किया गया। मयंक ने सीडीएस यानि कंबाइंड डिफेंस सर्विस के माध्यम से भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सफर शुरू किया और ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई में कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद आज वह भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देश की सेवा के लिए समर्पित हुए। मयंक ने अपनी 10+2 तक की शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, गढ़वारा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
मयंक के पिता शेषमणि तिवारी प्रतापगढ़ के गढ़वारा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य हैं। उनकी माता श्रीमती सीमा तिवारी प्राथमिक विद्यालय कुआं, प्रतापगढ़ में शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा एवं संस्कार से जुड़े परिवार में पले-बढ़े मयंक ने अपनी उपलब्धि से पूरे परिवार के साथ-साथ लालगंज और प्रतापगढ़ जिले को गौरवान्वित किया है।
उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मयंक तिवारी को भारतीय सेना में अधिकारी बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
