यूपी

सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा ओम निरंकार देव का जीवन

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 2, 2025
1 min read • 1.2k views
सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा ओम निरंकार देव का जीवन

पुण्यतिथि पर वृद्धाश्रम महुली में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि समरोह

प्रतापगढ़, 2 जनवरी 2025। प्रतापगढ़ के प्रखर समाजसेवी रहे ओम निरंकार देव उपाध्याय के कार्यों को उनकी पु​ण्य​तिथि पर याद किया गया। ओम निरंकार देव ने पत्रकार, साहित्यकार और तुलसी शोध संस्थान के संस्थापक समेत अनेक संस्थाओं से जुड़कर जीवन पर्यंत समाज की सेवा किया।

वृद्धाश्रम महुली में उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि सेनानी स्मृति संयोजन एवं तुलसी शोध हेतु निरंकार देव उपाध्याय की स्मृतियां सदैव चिर स्थाई रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ओम निरंकार देव द्वारा एक पत्रकार के रूप में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संबंध में किए गए शोध कार्य देशप्रेम और संवेदनाओं को अक्षुण्ण रखने में सदैव चिरस्थाई रहेंगे।

पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा कि व्यक्ति नहीं रहता पर उसके कार्य, आचरण, व्यवहार और कृतियां हमारे लिए सदैव अनुकरणीय बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ समय तक मुझे भी ओम निरंकार देव उपाध्याय जी के साथ बैठने, उनके विचारों को समझने और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनके समर्पण को देखने, समझने और सीखने का अवसर मिला था। उनका पूरा जीवन समाज और सामाजिक सरोकारों हेतु समर्पित रहता था, जिसे आज भी उनके न रहने पर उनके परिजनों द्वारा आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने वृद्धाश्रम महुली में रोशन लाल उमरवैश्य द्वारा किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि जीवन जीने की कला और संस्कार परिवार के बुजुर्गो से ही मिलती है। आज के दौर इसके अभाव में परिवार और समाज विघटन की घटनाओं के शिकार हो रहे हैं ।

शिव प्रकाश मिश्र सेनानी ने कहा कि प्रतापगढ़ जैसे जनपद में भी बड़ी संख्या में वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हो रहे परिजनों की स्थिति निश्चित रूप से चिंता का विषय है।

इस अवसर पर बृद्धाश्रम के बुजुर्गो के साथ साथ महुली वार्ड के लोगों के लोगों के नेत्र परीक्षण भी सद्गुरु नेत्र औषधालय चित्रकूट की टीम द्वारा किया गया। आयुर्वेदिक, एलोपैथिक और होम्योपैथिक चिकित्सकों की टीम ने भी डाक्टर रंगनाथ शुक्ला व लोकेश श्रीवास्तव के संयोजकत्व में परीक्षण कर आवश्यक औषधियां भी उपलब्ध कराई।

समारोह में ओम प्रकाश त्रिपाठी पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा, ओम प्रकाश पांडेय गुड्डू, राज किशोर त्रिपाठी, रोशन लाल उमरवैश्य, बबलू मिश्रा, योगेश योगी, अजय दूबे ‘साधू’, देवेंद्र पाठक, नीरज मिश्रा, संजय पाण्डेय, शैलेश ओझा, सुरेश सिंह, अभिषेक पांडेय, दुर्गेश सिंह, उमानाथ त्रिपाठी, विवेक उपाध्याय, अमित पाण्डेय, धीरज उपाध्याय आदि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वर्गीय ओम निरंकार देव उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की ।

योग गुरु दुर्गेश सिंह, प्रधानाचार्य सुरेश सिंह, अधिवक्ता जितेंद्र उपाध्याय, राज किशोर त्रिपाठी व साहित्यकार सुनील प्रभाकर को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ एवं पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता द्वारा अंगवस्त्रम भेंटकर सारस्वत सम्मान भी किया गया। संचालन अनूप उपाध्याय ‘अनुपम’ द्वारा किया गया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।