क्या रानीगंज में डॉ. महेंद्र दुबे पर दांव लगाएगी सपा?

प्रतापगढ़, 16 सितंबर 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज विधानसभा सीट हर चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रहती है। यहां सभी दलों में टिकट की मांग करने वालों की संख्या सर्वाधिक रहती है। सभी के अपने-अपने तर्क रहते हैं। 2027 के प्रारंभ में उत्तर प्रदेश यानि यूपी समेत देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में टिकट की मांग करने वालों की सक्रियता बढ़ गयी है। हर कोई अपने-अपने प्रभाव का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।

हर बार की तरह इस बार फिर रानीगंज विधानसभा सीट पर सभी दलों में टिकट चाहने वालों की लंबी लाइन है। समाजवादी पार्टी में यह लाइन तेजी से बढ़ रही है। इस क्षेत्र का चार बार प्रतिनिधित्व कर चुके प्रो. रामदेव दुबे के बड़े बेटे डॉ. महेंद्र दुबे भी समाजवादी पार्टी से टिकट पाने के लिए सक्रिय हो गये हैं। वह दूरदर्शन के कार्यक्रम निदेशक जैसे प्रभावशाली पद पर काम कर चुके हैं। वर्तमान में हाईकोर्ट के अधिवक्ता के रुप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विनम्र हैं, लोगों के बीच सहजता से मिलते-जुलते रहते हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने समाजवादी पार्टी ज्वाइन किया था।

फिलहाल रानीगंज में सपा के पास वैकेंसी नहीं

अगर पार्टी की गाइडलाइन देखें तो रानीगंज सीट पर समाजवादी पार्टी के पास वैकेंसी नहीं है। क्योंकि इस सीट पर समाजवादी पार्टी का सिटिंग विधायक वर्तमान में है। नियमत: पार्टी अपने सिटिंग विधायक को ही फिर उम्मीदवार बनाती है क्योंकि वह पूरी तरह से टेस्टेड रहता है। फिर भी सिटिंग विधायक को मात देकर टिकट पाने की दौड़ में दर्जनभर से अधिक लोग दौड़-भाग कर रहे हैं।