यूपी

समूह सखियों ने सीखा लेखांकन और रिकार्ड का महत्व

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 2, 2026
1 min read • 1.2k views
समूह सखियों ने सीखा लेखांकन और रिकार्ड का महत्व

वाराणसी, 2 अक्टूबर 2026। यूपीएसआरएलएम अंतर्गत जिला ग्राम्य विकास संस्थान परमानंदपुर में चल रहे समूह सखी मॉड्यूल-2 विषयक चार दिवसीय प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए जिला प्रशिक्षण अधिकारी विमल कुमार सिंह ने कहा कि समूहों की सफलता सही लेखांकन प्रक्रिया पर निर्भर करती है। उन्होंने समूह सखियों से समूहों में रखे जाने वाले लेखांकन संबंधी अभिलेखों को नियमित और व्यवस्थित रूप से संधारित कराने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के चार दिवसों में डीआरपी अतुल कुमार पाण्डेय द्वारा स्वयं सहायता समूहों में लेखांकन के महत्व एवं बुक्स ऑफ रिकॉर्ड के रख-रखाव की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को सही लेखांकन प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण तथा समूह की गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान समय-समय पर प्रशिक्षक व प्रतिभागियों को डीएमएम रामानंद शर्मा एवं उपायुक्त स्वतः रोजगार पवन कुमार सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में सत्र प्रभारी संजय कुमार, सुरेश तिवारी, बीआरपी वंदना पटेल, अजीत कुमार, नीरज कुमार तथा संबंधित सभी ब्लॉक मिशन प्रबंधक का विशेष सहयोग रहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकास खंड आराजी लाइन, बड़ागांव व चोलापुर से चयनित समूह सखी संध्या, कुसुम, खुशबू, किरन, प्रतिभा, क्षमता, सुनीता, रेनू, ममता, अनीता, फूलकुमारी, पुष्पा, सीमा, रेखा, आशा, प्रीती, सपना आदि सहित कुल 36 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही। जिला प्रशिक्षण अधिकारी विमल कुमार सिंह द्वारा सभी प्रशिक्षुओं को सर्टिफिकेट व ग्रुप फोटोग्राफ देकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।