रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। सामाजिक संस्था अवाम-ए-हिंद ने गांधी जयंती पर रायपुर के रामनगर क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली। इस रैली में रामनगर पुलिस चौकी के स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। रैली में नागरिकों को स्वछता अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। साथ ही नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया।
देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर नशामुक्त समाज बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सहयोग करते हुए सामाजिक संस्था अवाम-ए-हिंद ने गांधी जयंती पर जागरूकता रैली का आयोजन किया।
अवाम-ए-हिन्द सोशल वेलफेयर कमेटी के संस्थापक मोहम्मद सज्जाद खान ने बताया कि हमें युवा पीढ़ी को नशे के सेवन की लत से दूर हटाना है और उन्हें एक अच्छा इंसान बनाना है। समाज में देखने को मिल रहा है कि मादक और नशीले पदार्थों (सुलोशन, टेबलेट, गांजा इत्यादि) के सेवन की प्रवृत्ति बढ़ रही है।
नशा माफिया इसे बढ़ावा दे रहे हैं। हमें अपनी युवा पीढ़ी को इससे बचाकर अच्छा इंसान बनाना है। साथ ही नशे के सौदागरों को भी सबक सिखाना है। संस्था द्वारा लगातार रामनगर बस्ती, गली मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों में बच्चों, आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं सेवन से दूर रहने के लिए नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
इस मौके पर डीकेएस अस्पताल परिसर में डस्टबिन प्रदान किया गया। लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
संस्थापक, मो. सज्जाद खान ने बताया कि स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सामाजिक बुराईयों के खिलाफ गांधी जी की विचारधाराओं पर संस्था विगत कई वर्षों से निरन्तर ऐसे कार्यों का आयोजन करते आ रही है।
नशा, मनुष्य जीवन के लिए बड़ा नासूर है, जिससे पूरा परिवार बर्बाद होता है, अधिकांश अपराध की जड़ नशा है। संस्था द्वारा चलाये गये इस अभियानों में रामनगर पुलिस चौकी के स्टाफ द्वारा सहयोग प्रदान करते हुए वार्ड वासियों, आम नागरिकों, श्रमगारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने एवं नशे से दूर रहने हेतु संकल्प दिलाया गया।
इस कार्यक्रम में संस्थापक, मो. सज्जाद खान के साथ राजेंद्र शर्मा, पूनम यादव, जुबैर खान, बलराम कश्यप, वसीम, प्रीति जैन, रिंकी शुक्ला, सलमा बेगम, शबनम खान, अफजाल सहित अन्य सदस्य लोगों ने अपना योगदान दिया।
