छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 6 जलप्रपातों की तस्वीरें अब डाक से पहुंचेंगी देशभर में

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 12, 2026
1 min read • 1.2k views
डाक
  • फिलाटेली दिवस पर डाक परिमंडल की पहल, पर्यटन धरोहर को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

रायपुर 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन धरोहर को देशभर में पहचान दिलाने के लिए डाक विभाग ने अनूठी पहल की है। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत 12 अक्टूबर को फिलाटेली दिवस पर छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने प्रदेश के छह प्रसिद्ध जलप्रपातों पर आधारित विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड जारी किए। इस पहल के माध्यम से राज्य की प्राकृतिक संपदा को डाक के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने और पर्यटन स्थलों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ाने का प्रयास किया गया है। विशेष पोस्टकार्ड के विमोचन के अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार, निदेशक डाक सेवाएं सुबोध प्रताप सिंह, निदेशक डाक (लेखा) सुश्री नीरू सहित डाक विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, जनहितकारी पहलों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पर भी चर्चा की गई।

डाक के जरिए देशभर में पहुंचेगी छत्तीसगढ़ की खूबसूरती

छत्तीसगढ़ अपने घने जंगलों, पहाड़ियों, नदियों और मनमोहक जलप्रपातों के लिए जाना जाता है। राज्य की प्राकृतिक विरासत पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं रखती है। ऐसे में छह प्रसिद्ध जलप्रपातों पर आधारित विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड जारी करने की पहल को राज्य की पर्यटन पहचान को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डाक विभाग का व्यापक नेटवर्क इन पोस्टकार्डों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को अधिक लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन सकता है। पोस्टकार्ड न केवल पर्यटन स्थलों की तस्वीरों को लोगों तक पहुंचाएंगे, बल्कि फिलाटेली यानी डाक टिकटों और डाक संग्रह से जुड़ी रुचि को भी प्रोत्साहित करेंगे।

एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं है इस वर्ष की थीम

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय डाक सप्ताह एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं की थीम पर मनाया जा रहा है। इसके माध्यम से डाक विभाग की व्यापक पहुंच, विविध सेवाओं और जनसामान्य से उसके जुड़ाव को रेखांकित किया जा रहा है।

सभी जिलों में लगेंगे विशेष शिविर

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत 13 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आधार बनाने का अभियान चलाया जाएगा, ताकि नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा हो। डाक विभाग की यह पहल एक ओर प्रदेश की प्राकृतिक और पर्यटन धरोहर को प्रचारित करने का माध्यम बनेगी, वहीं दूसरी ओर विशेष शिविरों के जरिए नागरिकों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के प्रयास को भी गति देगी।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।