यूपी

प्रतापगढ़ में पीईटी परीक्षा देने जुटेंगे 52,272 अभ्यर्थी, 21 केन्द्रों पर होगा एग्जाम

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 20, 2026
2 min read • 1.2k views
पीईटी परीक्षा

खबर के मुख्य बिंदु

  • प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर तैनात होंगे सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट
  • 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवम्बर परीक्षा की तिथि निर्धारित

प्रतापगढ़, 20 अक्टूबर 2026 । प्रतापगढ़ में पीईटी परीक्षा देने 52,272 अभ्यर्थी जुटेंगे। परीक्षा के लिए जिले में 21 केन्द्र बनाये गए हैं। प्रत्येक केन्द्र पर एक सेक्टर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। यह परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 01 नवम्बर 2026 को आयोजित होगी।

परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने विकास भवन सभागार में जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पीईटी परीक्षा के जिला प्रबन्धक उपेन्द्र कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

दो पालियों में होगी परीक्षा

  • जनपद में पीईटी-2026 के लिए 21 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
  • कुल 52,272 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
  • परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
  • प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
  • द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
  • प्रत्येक पाली में 8,712 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
  • परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश

  • परीक्षा केन्द्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
  • आयोग द्वारा निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही अभ्यर्थियों को केन्द्र में प्रवेश दिया जाए।
  • परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
  • ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपना परिचय पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखेंगे।
  • अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया जाएगा।
  • तलाशी के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
  • किसी भी अभ्यर्थी के आभूषण अथवा धार्मिक वस्तु, जैसे कलावा आदि को नहीं उतरवाया जाएगा।

जनगणना की भी दी जाएगी जानकारी

अपर जिलाधिकारी (वि/रा) प्रेमचन्द मौर्य ने जनगणना-2027 के संबंध में केन्द्र व्यवस्थापकों को जानकारी देते हुए कहा कि वे बच्चों एवं उनके अभिभावकों को 16 से 30 नवम्बर 2026 तक स्वगणना के लिए प्रेरित करें तथा इसके महत्व की जानकारी दें। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्पों में छूटे हुए एवं युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विद्यालयों के पात्र छात्र-छात्राओं का फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में सहयोग करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना, अपर पुलिस अधीक्षक वृजनन्दन राय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एएन प्रसाद, वरिष्ठ कोषाधिकारी विपुल कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।