प्रतापगढ़, 27 अक्टूबर 2026। यूपी का प्रतापगढ़ यूं ही नहीं चर्चा में रहता है। यहां एक से बढ़कर एक सूरमा आये दिन निकलकर सामने आते हैं। अब इस जिले में पति-पत्नी और उनके दो बेटों का अनोखा गैंग पुलिस की पकड़ में आया है। यह गैंग भगवान के घर अर्थात मंदिरों को निशाना बनाता था। मंदिर में पूजा करने के बहाने घुसकर देव प्रतिमाओं पर लगे कीमती मुकुट को पलक झपकते ही इस गैंग के सदस्य चोरी कर लेते थे। यह घटना कोई पहली बार नहीं, इससे पहले रायबरेली जिले में भी पुलिस इस गैंग को पकड़कर जेल डाल चुकी थी। जेल से छूटने के बाद इस गैंग ने फिर अपना काम शुरू कर दिया। अब प्रतापगढ़ जिले की पुलिस ने इन्हें पकड़कर जेल भेजा है।
कौन हैं इस अनोखे गैंग के सदस्य
- रोहित पाण्डेय पुत्र गिरीश पाण्डेय
- लवकुश पाण्डेय पुत्र गिरीश पाण्डेय
- गिरीश पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय सागर प्रसाद पाण्डेय
- किरण पाण्डेय पत्नी गिरीश पाण्डेय
यह परिवार प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नौढिया सरैया गांव का निवासी है।
क्या है पूरा मामला
प्रतापगढ़ में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर दो मंदिरों में देव प्रतिमाओं की मुकुट चोरी का मामला सामने आया। पहली घटना 25 सितंबर 2026 को घटी। संग्रामगढ़ क्षेत्रान्तर्गत बाबागंज ब्लॉक मुख्यालय के पीछे स्थित मां भद्रकाली शक्तिपीठ मंदिर में मां भद्रकाली की मूर्ति पर लगा लगभग 600 ग्राम वजन का चांदी का मुकुट चोरी हो गया। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना संग्रामगढ़ पर मुअसं 182/2026 धारा 305(d) बीएनएस बनाम अज्ञात चोर के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
दूसरी घटना 22 अक्टूबर 2026 को घटी। थाना संग्रामगढ़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम धौरेहट सराय नैनकुंवर स्थित हनुमान मंदिर में एक महिला एवं पुरुष के मंदिर परिसर में प्रवेश करने के दौरान हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट चोरी हो गया। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना संग्रामगढ़ पर मुअसं 205/2026 धारा 305(d) बीएनएस बनाम अज्ञात महिला एवं अज्ञात पुरुष के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
एसपी के निर्देश पर पुलिस सक्रिय हुई
घटना की जानकारी के बाद एसपी दीपक भूकर के निर्देशन में पुलिस सक्रिय हुई। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी को पर्यवेक्षण लगाया गया। थाना प्रभारी संग्रामगढ़ सिद्धार्थ सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक सरनाम सिंह, उप निरीक्षक शिवशरण, कांस्टेबल बीरपाल, कांस्टेबल विवेक यादव, कांस्टेबल सुभाष मौर्या, कांस्टेबल कुलदीप यादव, कांस्टेबल आशुतोष सिंह, कांस्टेबल सुयश राय, महिला कांस्टेबल पूजा यादव और प्रिया यादव की टीम ने मोर्चा संभाला।
छानबीन में पुलिस टीम ने मंदिरों से मुकुट चोरी करने के दो मामलों का अनावरण करते हुए एक ही परिवार के 04 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के 02 मुकुट, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं एक कैंची बरामद की गई।
पूर्व में भी जा चुके हैं जेल
जनपद रायबरेली के थाना भदोखर में मुअसं 278/2026 धारा 305(D) बीएनएस के अंतर्गत मंदिर से मुकुट चोरी के मामले में अभियुक्त रोहित पाण्डेय पुत्र गिरीश कुमार पाण्डेय एवं अभियुक्ता किरण देवी पाण्डेय पत्नी गिरीश पाण्डेय, निवासीगण नौढ़िया सरैया, थाना संग्रामगढ़, जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। उक्त प्रकरण में मंदिर से हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट चोरी किया गया था।
पुलिस की पूछताछ में क्या कहा
अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि हम लोग मन्दिरों में पूजा करने के बहाने भगवान की मूर्तियों से मुकुट चुरा लेते थे। जो यह मुकुट रोहित पाण्डेय से बरामद हुआ है इसको हमलोगो ने मिलकर मां भद्र काली मन्दिर बाबागंज से 25 सितंबर 2026 को समय दिन के करीब 03 बजे चोरी किया था। गिरीश पाण्डेय से बरामद मुकुट को हम लोगों ने 22 अक्टूबर 2026 को समय करीब 10 बजे से 11 बजे के बीच ग्राम सराय नैन कुंवर धौरेहट हनुमान मन्दिर से सब लोगों ने मिलकर चोरी किया था।
इलेक्ट्रानिक तराजू भी रखे थे
गैंग के सदस्यों ने यह भी बताया कि वह मंदिरों से चोरी मुकुट को कैंची से छोटे-छोटें टुकड़ों में काट लेते थे। इसके बाद इलेक्ट्रानिक तराजू से तौलकर उसका वजन निकालते थे और फिर बेंच देते थे। पुलिस टीम ने कैंची और इलेक्ट्रानिक तराजू भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक इलेक्ट्रानिक तराजू से चोरी किये हुए इन मुकुटो को बेचने से पहले बजन करने में प्रयोग करते थे।
